मजदूरों की रेल यात्रा टिकट का खर्च कांग्रेस उठायेगी: सोनिया गांधी

एक नज़र इधर प्रमुख समाचार

नई दिल्ली। लॉकडाऊन के चलते देश भर में फंसे लाखों श्रमिक और प्रवासी मजदूरों की रेल यात्रा टिकट का खर्च कांग्रेस उठायेगी यह ऐलान कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने किया है। सोनिया गांधी का कहना है कि प्रत्येक राज्य की कांग्रेस कमेटी हर जरूरतमंद श्रमिक और प्रवासी मजदूरों की रेल यात्रा के लिए लागत वहन करेगी और इस संबंध में आवश्यक कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि 1947 के बंटवारे के बाद देश ने पहली बार यह दिल दहला देने वाला मंजर देखा है। हजारों श्रमिक व कामगार सैकड़ों किलोमीटर पैदल यात्रा करके घर वापसी के लिए मजबूर हो रहे हैं। उनकी व्यथा सोचकर ही मन काप जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश और सरकार का कर्तव्य क्या है? आज भी लाखों श्रमिक व कामगार पूरे देश के अलग अलग जगहों पर फंसे हुए हैं। वे अपने-अपने घर वापस जाना चाहते हैं, पर न साधन है, और न ही उनके पास पैसा है। दुःख की बात यह है कि भारत सरकार व रेल मंत्रालय द्वारा इन मेहनतकशों से मुश्किल की इस घड़ी में रेल यात्रा का किराया वसूल जा रहा है।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सरकार से यह सवाल पूछा है कि जब हम विदेशों में फंसे भारतीयों को अपना कर्तव्य समझकर हवाई जहाजों से निशुल्क वापस लेकर आ सकते हैं, जब हम गुजरात के केवल एक कार्यक्रम में सरकारी खजाने से 100 करोड़ रुपये ट्रांसपोर्ट व भोजन इत्यादि पर खर्च कर सकते हैं, जब रेल मंत्रालय प्रधानमंत्री के कोरोना फंड में 151 करोड़ रुपये दे सकता है, तो फिर तरक्की के इन ध्वजवाहकों को आपदा की इस घड़ी में निशुल्क रेल यात्रा की सुविधा क्यों नहीं दे सकते? सोनिया गांधी का कहना है कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने मेहनतकश श्रमिकों व कामगारों की इस निशुल्क रेलयात्रा की मांग को बार बार उठाया है। लेकिन सरकार ने इसे अनसुना कर दिया इसलिए यह निर्णय लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *