कानपुर कांड: 5 लाख का ईनाम देने के लिए यूपी पुलिस को असली आदमी की तलाश

एक नज़र इधर जरूर पढ़ें प्रमुख समाचार

लखनऊ। पांच लाख रूपये ईनाम देने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस उस ब्यक्ति को तलाश रही है जिसके प्रयास से कानपुर कांड का मुख्य आरोपी गैंगस्टर विकास दुबे पकड़ में आया। दरअसल यूपी पुलिस की ओर से विकास दुबे के बारे में जानकारी देने वाले के लिए पांच लाख का ईनाम घोषित किया गया था। अब उत्तर प्रदेश पुलिस ने मध्यप्रदेश पुलिस को एक पत्र लिख कर पूछा है कि गैंगस्टर विकास दुबे की सूचना देने वाले शख्स को दिए जाने वाला पांच लाख का ईनाम किस व्यक्ति को देना है। विकास दुबे को मध्यप्रदेश के उज्जैन से गिरफ्तार किया गया था। इसलिए यूपी पुलिस जानना चाहती है कि ईनाम की राशि किसे दी जानी चाहिए। कानपुर एसएसपी का पत्र मिलने के बाद उज्जैन के एसपी मनोज कुमार सिंह ने एक टीम का गठन किया है। यह टीम पूरे प्रकरण का अध्ययन करने के बाद यह निर्णय लेगी कि ईनाम किसको दिया जाए। जिसके बाद उस ब्यक्ति का नाम कानपुर पुलिस को भेजा जायेगा।

गैंगस्टर विकास दुबे को मध्यप्रदेश पुलिस ने 9 जुलाई को उस समय गिरफ्तार किया था जब वो उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर में दर्शन करने के लिए पहुंचा था। विकास दुबे की गिरफ्तारी के बाद मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशक विवेक जौहरी ने बताया था कि मंदिर के बाहर फूल बेचने वाले एक दुकानदार ने सबसे पहले गैंगस्टर विकास दुबे की पहचान की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *