धान खरीद घोटाला : बस्ती जिले के सिर्फ 21 गांव के किसानों से सरकार ने खरीद लिया 1,29,41,68,180 रूपये का धान

एक नज़र इधर एक्सक्लूसिव प्रमुख समाचार

बी.के.सिंह/संधीर शर्मा। बस्ती जिले में एमएसपी (MSP) पर धान खरीद में बड़ा घोटाला सामने आया है। जिले के 2791 गांव के 21242 किसानों ने करीब 15 लाख कुंतल धान सरकार को बेचा है। हैरान करने वाली बात यह है कि जिले की कुल खरीद का करीब 50 फीसदी धान महज 29 गांव की जमीनों पर पैदा हो गया और बिचौलियों की मदद से इसे सरकार को बेच भी दिया गया। इससे भी हैरान करने वाली बात यह है कि इस धान को पैदा करने के लिए ताल, पोखरा, सड़क, स्कूल, मकान, कब्रिस्तान वाली जमीनों का सबसे ज्यादा प्रयोग किया गया। ‘ख़बर अब तक’ की टीम ने बस्ती जिले के सदर तहसील के 21 गांव में हुए धान खरीद का गहन पड़ताल किया है। हमारे पड़ताल में यह सच सामने आया है कि सिर्फ इस 21 गांव के किसानों ने सरकार को 1,29,41,68,180 रूपये का धान बेचा है।

‘ख़बर अब तक’ के पास मौजूद आकड़ों के मुताबिक सदर तहसील के चिलवनिया गांव के 331 किसानों से यूपी सरकार ने एमएसपी (MSP) पर 33735 कुंतल धान खरीदा है। हरखौलिया उर्फ मटियरिया गांव के 142 किसानों से 15235 कुन्तल धान खरीदा गया है। बानपुर गांव के 324 किसानों से 30670 कुन्तल धान खरीदा गया है। पसड़ा के 265 किसानों से 26127 कुंतल धान खरीदा गया है। पिपरपाती एहतमाली के 119 किसानों से 10926 कुंतल धान खरीदा गया है। इसी तरह महुआपार कला के 150 किसानों से 18432 कुंतल धान खरीदा गया है। गंगापुर के 383 किसानों से 41863 कुंतल धान खरीदा गया है। मसुरिया के 301 किसानों से 31465 कुंतल धान खरीदा गया है। पृथ्वीपुर गांव के 128 किसानों से 12212 कुंतल धान खरीदा गया है। बढ़ौनी उर्फ शिवपुर गांव के 178 किसानों से 22508 कुंतल धान खरीदा गया है। सोनखर के 187 किसानों से 21088 कुंतल धान खरीदा गया है। खदरा के 504 किसानों से 59694 कुंतल धान खरीदा गया है। बोदवल के 712 किसानों से 81306 कुंतल धान खरीदा गया है। रसुलपुर के 301 किसानों से 34187 कुंतल धान खरीदा गया है। गंगापुर द्वितीय के 201 किसानों से 22748 कुंतल धान खरीदा गया है। नगर खास गांव के 395 किसानों से 40327 कुंतल धान खरीदा गया है। कलवारी मुस्तहक्म के 295 किसानों से 28581 कुंतल धान खरीदा गया है। कलवारी एहतमाली के 217 किसानों से 22873 कुंतल धान खरीदा गया है। अगई भगाड़ गांव के 675 किसानों से 73180 कुंतल धान खरीदा गया है। सेमरा चीगन के 127 किसानों से 16025 कुंतल धान खरीदा गया है। कटरा बुजुर्ग के 252 किसानों से 23915 कुंतल धान खरीदा गया है।

‘ख़बर अब तक’ के पास मौजूद आकड़ों के मुताबिक सदर तहसील के 958 गांव के रहने वाले 11561 किसानों ने एमएसपी (MSP) पर सरकार को अपना धान बेचा है। जिसमें से सबसे ज्यादा धान सिर्फ 21 गांव की जमीन पर पैदा हो गया और इस धान को सरकार ने एमएसपी (MSP) पर खरीद भी लिया। हमारी टीम ने इन गांवों के करीब 400 से भी ज्यादा किसानों से बातचीत किया है। इन किसानों का दावा है कि कुल खरीद का 10 फीसदी धान भी असली किसानों से नहीं खरीदा गया है। हालांकि इस पूरे घोटाले की जानकारी ‘ख़बर अब तक’ की टीम ने जिले के जिम्मेदार अधिकारियों को पहले ही दे दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *