Gorakhpur News | उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। एक महिला का आरोप है कि उसका पति शराब और पैसों के लिए अपने दोस्तों से रेप कराता है और इसका अश्लील वीडियो भी बनाता है। महिला का दावा है कि यह सिलसिला पिछले कई महीनों से चल रहा है। महिला के मना करने पर उसे जमकर मारा-पीटा जाता है और जान से मारने की धमकी भी दी जाती है। फिलहाल पीड़ित महिला ने पति और उसके दोस्त के खिलाफ खोराबार थाने में केस दर्ज कराया है।
पीड़िता के मुताबिक उसका पति नशे का आदी है। वह अपनी शराब की लत पूरी करने के लिए कुछ भी कर सकता है। जब लत पूरी नहीं होती, तो वह मारपीट करने लगता है। वह आए दिन शराब पीकर आता है और अपने दोस्तों के साथ शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाता है। पीड़िता का दावा है कि उसके रेप के एवज में पति के दोस्त उसे शराब पिलाते और पैसे भी देते हैं। पिछले 6 महीने से वह यह घिनौना काम कर रहा है। रेप के बाद वह अपने दोस्तों के साथ मेरा अश्लील वीडियो भी बनाता है।
पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया है कि आखिरी बार 6 जून को मेरा पति अपने दोस्त विक्की उर्फ लक्की को साथ लेकर घर पहुंचा। दोनों शराब के नशे में चूर थे। दोनों ने बारी-बारी से मुझसे रेप किया। मना करने पर बुरी तरह पीटा और अश्लील वीडियो भी बनाई। हिम्मत जुटाकर पीड़ित महिला पुलिस के पास गई और खोराबार पुलिस को सब कुछ बताया। लेकिन पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया। इसके बाद पीड़ित महिला ने अपनी शिकायत एडीजी से की। एडीजी की पहल के बाद 7 जुलाई को खोराबार पुलिस ने पति और उसके दोस्त विक्की उर्फ लक्की के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दिया है।
