महिला कोच ने खेल मंत्री पर लगाया छेड़छाड़ का आरोप, FIR दर्ज

एक नज़र इधर प्रमुख समाचार वायरल

पूर्व हॉकी स्टार और हरियाणा के खेल राज्य मंत्री संदीप सिंह पर एक महिला कोच ने सेक्सुअल हरासमेंट का आरोप लगाया है। महिला कोच के मुताबिक खेल मंत्री द्वारा सरकारी आवास पर बुलाकर उसका सेक्सुअल हरासमेंट किया गया। महिला कोच की शिकायत पर चंडीगढ़ पुलिस ने हरियाणा के खेल राज्य मंत्री एवं पूर्व हॉकी खिलाड़ी संदीप सिंह पर एफआईआर दर्ज कर ली है। खेल राज्य मंत्री पर आरोप लगने के बाद हरियाणा के विपक्षी दल मंत्री को पद से हटाने की मांग कर रहे हैं। हालांकि खेल मंत्री संदीप सिंह ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को नकार दिया है। चंडीगढ़ पुलिस ने सेक्टर-26 पुलिस स्टेशन में खेल मंत्री के खिलाफ आईपीसी की धारा- 354, 354A, 354B, 342, 506 के तहत केस दर्ज किया है।

महिला कोच ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि यह घटना एक जुलाई 2022 की है। उसने मंत्री की कोठी के बाहर से लेकर सुखना लेक तक लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कराने की मांग की है। महिला कोच का आरोप है कि नौकरी लगने से पहले ही खेल मंत्री ने उसे पहले दोस्ती करने को कहा और बाद में गर्लफ्रेंड बनने की पेशकश की। महिला कोच के मुताबिक खेल मंत्री लगातार उसे स्नैप चैट और इंस्टाग्राम पर मैसेज करते रहे। मंत्री के चैट मैसेज नहीं होने के सवाल पर महिला कोच ने कहा कि उसके पास इसके पुख्ता सबूत हैं और वह पुलिस की जांच में इसको सामने रखेगी। महिला कोच ने मांग की है कि मंत्री और उसके मोबाइल की फॉरेंसिक जांच कराकर डिलीट मैसेज रिकवर किए जाएं, इससे पूरी सच्चाई सामने आ जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *