महराज जी नौकरी नहीं होने की वजह से मेरी शादी नहीं हो पा रही है, चपरासी की नौकरी दिला दीजिए

एक नज़र इधर जरूर पढ़ें प्रमुख समाचार

गोरखपुर। यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ तीन दिनों के दौरे पर गोरखपुर आए हैं। मुख्यमंत्री जब भी गोरखपुर में होते हैं वे जनता दर्शन में लोगों की समस्याओं को सुनते हैं। रविवार सुबह भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जनता दरबार गोरखनाथ मंदिर में लगा था। इस दौरान मुख्यमंत्री के सामने एक ऐसा मामला आया जिसे सुनकर वहां मौजूब सब लोग हंसने लगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अपनी हंसी नहीं रोक पाये। दरअसल भटहट का रहने वाला सूरज नाम का फरियादी जनता दरबार में पहुंचा था। वह कभी कभार मंदिर आता जाता है जिससे मुख्यमंत्री उसे पहले से जानते हैं। जनता दरबार में उसको देख कर मुख्यमंत्री ने पूछा बताओ कैसे आना हुआ। फरियादी ने मुख्यमंत्री से हाथ जोड़कर कहा कि महाराज जी… मुझे चपरासी की नौकरी दे दीजिए। नौकरी नहीं होने की वजह से मेरी शादी नहीं हो पा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि तुम तो नेता हो तुम्हें चुनाव लड़ने के लिए टिकट मांगना चाहिए। क्या करोगे नौकरी लेकर। तब उसने कहा कि महराज जी शादी बहुत जरूरी है मेरे लिए इसलिए मुझे नौकरी दे दीजिए। मैं इसकी वजह से बहुत परेशान रहता हूं।

फरियादी की बात सुनते ही जनता दर्शन में ठहाके लगने लगे। मुख्यमंत्री भी खूब हंसे। वहां मौजूद अधिकारी भी ठहाके लगाने लगे। थोड़ी देर के लिए जनता दरबार का माहौल ही बदल गया था। हालांकि इसके बाद मुख्यमंत्री ने फरियादी की समस्या से जुड़ी लिखित शिकायत हाथ में ली, और उसकी समस्या के निस्तारण का भरोसा दिलाया। रविवार को गोरखनाथ मंदिर के हिंदु सेवाश्रम और यात्री निवास में लगे जनता दर्शन में अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर करीब 175 फरियादी पहुंचे थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक-एक कर सबकी समस्या सुनी और उन्हें जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *